(रणभेरी): इटावा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक अपनी मौसेरी साली को बहलाकर दिल्ली ले गया। सोशल मीडिया पर उससे शादी करने का दावा करते हुए फोटो भी पोस्ट कर दी। जब लड़की के परिजन पुलिस के साथ उसकी तलाश में पहुंचे तो आरोपी उसे इटावा ले आया और ईंट से कूचकर उसकी हत्या कर दी।
यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के फूलनदेवी जैन मोहल्ला की है। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।सैफई थाना क्षेत्र के समान नगला गांव निवासी रघुराज सिंह ने बताया कि वह थाने में चौकीदार हैं। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें दूसरी बेटी सुनैना (16) होली के दिन अचानक घर से लापता हो गई। घर पर पत्नी केशकान्ति और बेटी दोनों नहीं थीं। पूछताछ करने पर पता चला कि पत्नी वैदपुरा थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में अपने रिश्तेदार के घर गई है।
अगले दिन पत्नी तो घर लौट आई, लेकिन बेटी का कोई पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि शहर कोतवाली के जैन मोहल्ला फूलनदेवी निवासी विजय उसे अपने साथ ले गया है। बताया गया कि विजय ने सात साल पहले बर्रा गांव में रहने वाले अपने साडू की बेटी निशा से प्रेम विवाह किया था।पांच मार्च को आरोपी विजय ने इंस्टाग्राम पर लड़की के साथ फोटो पोस्ट कर शादी करने का दावा भी किया। इसके बाद परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई और पुलिस की मदद से बेटी की तलाश शुरू की।
परिजन आरोपी की तलाश में दिल्ली तक पहुंचे, लेकिन इस बीच दोनों इटावा लौट आए। फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने लड़की को जान से मारने की धमकी दी थी।
पुलिस जब उसकी तलाश कर रही थी, तभी शनिवार देर रात आरोपी ने सुनैना की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
