टी20 विश्व कप फाइनल से पहले काशी में टीम इंडिया की जीत के लिए हवन, अस्सी घाट पर क्रिकेट प्रेमियों ने की प्रार्थना

टी20 विश्व कप फाइनल से पहले काशी में टीम इंडिया की जीत के लिए हवन, अस्सी घाट पर क्रिकेट प्रेमियों ने की प्रार्थना

वाराणसी (रणभेरी): टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर पूरे देश में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हर कोई भारतीय टीम की जीत के लिए अपनी-अपनी तरह से दुआ और प्रार्थना कर रहा है।

इसी क्रम में धर्मनगरी काशी में भी क्रिकेट प्रेमियों ने टीम इंडिया की जीत के लिए विशेष पूजा-अर्चना की। वाराणसी के प्रसिद्ध अस्सी घाट पर जुटे क्रिकेट प्रशंसकों ने हवन कर भारतीय टीम की विजय की कामना की। इस दौरान लोग हाथों में तिरंगा झंडा लेकर पहुंचे और भारत की जीत के नारे लगाए।
हवन में शामिल क्रिकेट प्रेमी आशुतोष ने बताया कि आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेहद अहम मुकाबला होने जा रहा है। भारतीय टीम बेहतर प्रदर्शन करे और विश्व कप अपने नाम करे, इसके लिए अस्सी घाट पर विशेष हवन और प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन और टीम की जीत के लिए कामना की गई है।

वहीं एक अन्य क्रिकेट प्रेमी ने कहा कि इस बार भारतीय टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों ही अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम इसी तरह खेलती रही तो विश्व कप जरूर भारत आएगा। खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और जीत की कामना से हवन-पूजन किया गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *