महाशिवरात्रि 2026: काशी में 10 लाख श्रद्धालु, 2 सेकेंड में दर्शन; शिव बारात में 20 हजार शामिल, प्रयागराज में 30 लाख ने किया अंतिम स्नान

महाशिवरात्रि 2026: काशी में 10 लाख श्रद्धालु, 2 सेकेंड में दर्शन; शिव बारात में 20 हजार शामिल, प्रयागराज में 30 लाख ने किया अंतिम स्नान

वाराणसी/गोरखपुर/प्रयागराज। महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रदेश भर में भक्ति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। काशी और गोरखपुर में निकली शिव बारात ने लोगों को रोमांचित कर दिया, वहीं प्रयागराज में माघ मेले का अंतिम स्नान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जारी रहा।

गोरखपुर में शिव बारात का दृश्य बेहद आकर्षक रहा। कलाकारों ने भूत-प्रेत और पौराणिक पात्रों का रूप धारण कर अनोखे करतब दिखाए। इसी तरह वाराणसी में भी भगवान शिव की बारात में हजारों लोग शामिल हुए। जब दूल्हे के रूप में भगवान शिव की झांकी निकली तो चारों ओर “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंज उठे।

करीब 300 कलाकारों ने देवी-देवताओं और बारातियों की झांकियां सजाईं। किसी ने घोड़े-ऊंट पर सवारी की, तो कोई मदारी और भूत-प्रेत के वेश में नजर आया। मां काली के रूप में सजी कलाकार ने रौद्र नृत्य से सबका ध्यान खींचा। नागा साधु भी अपने पारंपरिक अंदाज में दिखाई दिए। एक नन्हा बालक शिव के रूप में त्रिशूल और रुद्राक्ष की माला धारण किए आकर्षण का केंद्र बना। बारात तिलभांडेश्वर मंदिर से शुरू होकर डेवड़ियाबीर तक लगभग 5 किलोमीटर चली।

महाशिवरात्रि पर काशी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अनुमान है कि 10 लाख से अधिक भक्त पहुंचे। काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। मोरपंख और रुद्राक्ष से सजे बाबा के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। कपाट खुलते ही दर्शन शुरू हुए और अब तक लाखों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

भारी भीड़ के कारण प्रति भक्त को कुछ सेकेंड का ही समय मिल पा रहा है। सुरक्षा के लिए ड्रोन निगरानी और एटीएस कमांडो तैनात किए गए हैं। विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने शिव भक्ति के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

इधर प्रयागराज में माघ मेले के अंतिम स्नान पर घाटों पर भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में डुबकी लगाई। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

प्रदेश के अन्य शहरों में भी शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। अलीगढ़ में छह वर्ष की एक बच्ची कांवड़ लेकर लंबी दूरी तय कर मंदिर पहुंची और जलाभिषेक किया। उसकी मासूम प्रार्थना ने सभी का ध्यान खींचा। महाशिवरात्रि पर पूरे उत्तर प्रदेश में भक्ति, उत्साह और आस्था का अनूठा माहौल देखने को मिला।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *