(रणभेरी): भारतीय क्रिकेट टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज का विवाह इसी वर्ष जून माह में वाराणसी में संपन्न होगा। दोनों परिवारों ने शादी की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि समारोह को पूरी तरह पारिवारिक रखने का निर्णय लिया गया है और मेहमानों की सूची जानबूझकर बेहद सीमित रखी गई है।
परिवार से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इससे पहले विवाह की तिथि को लेकर दो बार सहमति बन चुकी थी, लेकिन व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर के कारण कार्यक्रम आगे बढ़ता रहा। पहले नवंबर 2025 में विवाह प्रस्तावित था, फिर फरवरी 2026 की तारीख तय हुई, मगर अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट और आईपीएल के चलते दोनों योजनाएं स्थगित करनी पड़ीं। अब आईपीएल के समापन के बाद जून में विवाह कराने पर सहमति बनी है।

रिंकू सिंह के बड़े भाई सोनू सिंह के मुताबिक, शुरुआत में 11 और 12 जून की तिथियों पर विचार हुआ था, लेकिन आईपीएल फाइनल से जुड़ी व्यस्तताओं को देखते हुए नई तारीख तय की गई। विवाह काशी में होगा, जबकि रिसेप्शन अलीगढ़ में आयोजित किए जाने की तैयारी है।
राजनीतिक संतुलन बना वजह
बताया जा रहा है कि विवाह समारोह को सियासी रंग से दूर रखने के लिए यह रणनीति अपनाई गई है। दूल्हा पक्ष के कुछ करीबी भाजपा से जुड़े हैं, वहीं दुल्हन स्वयं सपा की सांसद हैं। इसी कारण अतिथियों की संख्या सीमित रखते हुए केवल 10 से 12 करीबी रिश्तेदारों को ही विवाह में शामिल किया जाएगा।
पिछले वर्ष लखनऊ में हुई रिंग सेरेमनी में बड़ी संख्या में राजनीतिक और खेल जगत की हस्तियां शामिल हुई थीं। उसी कार्यक्रम के दौरान एक राजनीतिक झंडे लगी गाड़ी को लेकर असहज स्थिति भी सामने आई थी। माना जा रहा है कि ऐसे ही अनुभवों को ध्यान में रखते हुए विवाह को पूरी तरह निजी और सादगीपूर्ण रखने का फैसला लिया गया है।
लंबे समय से शादी का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए अब यह खबर राहत लेकर आई है। यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार चला, तो आईपीएल के तुरंत बाद काशी में शहनाई गूंजेगी और यह हाई-प्रोफाइल विवाह बिना किसी राजनीतिक शोर के संपन्न होगा।
