वाराणसी (रणभेरी): रूपापुर स्थित अरविंद टेक्सटाइल फैक्ट्री का रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने फैक्ट्री परिसर में लगी प्रदर्शनी का अवलोकन किया और वहां काम करने वाली महिला कर्मचारियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री को अपने बीच देखकर महिलाएं उत्साहित नजर आईं। किसी ने पहली बार उन्हें सामने से देखने की खुशी जाहिर की, तो किसी ने इस मुलाकात को जिंदगी का यादगार पल बताया।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं से उनके कामकाज, कंपनी में बिताए समय, कार्य अनुभव और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से लेकर गुजरात के गरबा और स्थानीय दोस्तों तक के विषय चर्चा में आए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल भी मौजूद रहे।
फैक्ट्री में काम करने वाली पूजा देवी के लिए प्रधानमंत्री से मुलाकात खास रही। उन्होंने बताया कि अब तक वह प्रधानमंत्री को केवल टीवी पर देखती थीं। रविवार को उन्हें सामने से देखने और बातचीत करने का मौका मिला। पूजा ने कहा, “प्रधानमंत्री जी आए थे, बहुत अच्छा लगा। वह हमारे सांसद हैं। हम अभी तक उनको केवल टीवी पर देखते आए थे, आज सामने से देखने का मौका मिला।”

पूजा के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सबसे पहले उनका परिचय लिया और फिर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के बारे में सवाल किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के सवाल का जवाब देना उनके लिए खास अनुभव रहा।
खुशबू बोलीं- पीएम से मिलकर पूरा हुआ सपना
वाराणसी की खुशबू कुमारी भी प्रधानमंत्री से मिलकर बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री को सामने देखकर उनका मन प्रसन्न हो गया। उनके बातचीत करने के अंदाज ने भी उन्हें प्रभावित किया। प्रधानमंत्री ने खुशबू से पूछा कि वह कंपनी में कब से काम कर रही हैं और यहां काम करके उन्हें कैसा लगता है। इसके साथ ही उन्होंने उनके भविष्य के सपनों के बारे में भी जानकारी ली।
खुशबू ने कहा, “आज प्रधानमंत्री को भौतिक रूप से सामने देखकर मन एकदम प्रसन्न हो गया। उन्हें देखकर और उनके बात करने के स्टाइल को देखकर मैं खुशी के मारे झूम उठी थी। ओवरऑल मुझे कंपनी अच्छी लगी। पीएम से मिलकर हमने एक बहुत बड़ा सपना पूरा किया।”
गुजरात की भूमिका से गरबा पर हुई बात
फैक्ट्री में काम करने वाली गुजरात के भावनगर की निवासी डागर भूमिका से प्रधानमंत्री की बातचीत का अंदाज कुछ अलग रहा। प्रधानमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या वह नवरात्र में गुजरात में गरबा खेलकर आई हैं। भूमिका ने हां में जवाब दिया तो प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए पूछा कि क्या वह यहां सभी को गरबा सिखाएंगी।

भूमिका ने भी मुस्कुराकर हामी भरी। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने यह भी पूछा कि क्या वाराणसी में उनकी स्थानीय दोस्त बनी हैं। भूमिका ने बताया कि यहां उनकी दोस्ती हो गई है। गुजरात से आकर वाराणसी में काम कर रहीं भूमिका के लिए प्रधानमंत्री के साथ गरबा और दोस्ती पर हुई यह बातचीत यादगार बन गई।
महिलाओं से काम और अनुभवों की जानकारी ली
प्रधानमंत्री ने पूजा, खुशबू और भूमिका के अलावा फैक्ट्री में काम करने वाली अन्य महिला कर्मचारियों से भी बातचीत की। उन्होंने उनके कामकाज, कंपनी में मिले अनुभव और भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछा। महिलाओं ने प्रधानमंत्री से सीधे संवाद करने के अवसर को अपने लिए खास बताया। बातचीत में रोजगार से जुड़े अनुभवों के साथ निजी जीवन और सपनों की बातें भी हुईं।

आठ एकड़ में फैली है फैक्ट्री, 300 कर्मचारी कार्यरत
रूपापुर स्थित अरविंद टेक्सटाइल फैक्ट्री करीब आठ एकड़ क्षेत्र में फैली है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यहां फिलहाल लगभग 300 कर्मचारी काम कर रहे हैं। भविष्य में करीब एक हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है। परियोजना में अब तक लगभग 100 से 120 करोड़ रुपये का निवेश होने की जानकारी है।

कपड़ा उद्योग से जुड़ी इस इकाई का उद्घाटन और फैक्ट्री की प्रदर्शनी का अवलोकन प्रधानमंत्री के दौरे के प्रमुख हिस्से रहे। वहीं, महिला कर्मचारियों के लिए यह दिन प्रधानमंत्री से आमने-सामने मुलाकात और उनसे अपने काम, अनुभवों व सपनों पर बातचीत के कारण यादगार बन गया।
