(रणभेरी): कोपागंज थाना क्षेत्र में बीती देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में स्वर्ण व्यवसायी से लूट की वारदात में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों अभियुक्तों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई एसओजी और कोपागंज पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर देईथान के पास की।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि लूटकांड में वांछित बदमाश क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर घेराबंदी की गई, इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों अपराधी गोली लगने से घायल हो गए और मौके पर ही पकड़ लिए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रविकांत उर्फ रवि चौहान (21) पुत्र निवासी कोइरियापार तथा राहुल यादव (25) निवासी नगरीपार, थाना मुहम्मदाबाद गोहना के रूप में हुई है। मुठभेड़ में रविकांत के बाएं पैर जबकि राहुल के दाहिने पैर में गोली लगी।
पुलिस ने रविकांत के कब्जे से लूटे गए स्वर्ण आभूषणों के साथ एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। वहीं राहुल यादव के पास से भी लूट का जेवर, एक तमंचा 315 बोर, एक मिस कारतूस जो चैंबर में फंसा था तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त बाइक स्प्लेंडर (यूपी 50 सीसी 0139) भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कोपागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि दोनों अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे थे और स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड के बाद से पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों बदमाशों के खिलाफ कोपागंज थाने में पहले से ही दो-दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
