सेंट मेरिज स्कूल परिसर में तेंदुआ दिखने की सूचना से मचा हड़कंप, वन विभाग ने गठित की तीन टीमें

सेंट मेरिज स्कूल परिसर में तेंदुआ दिखने की सूचना से मचा हड़कंप, वन विभाग ने गठित की तीन टीमें

(रणभेरी): छावनी क्षेत्र स्थित सेंट मेरिज स्कूल परिसर में गुरुवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी ने परिसर में वन्यजीव को देखकर स्कूल प्रबंधन को अलर्ट किया। एहतियात के तौर पर परिसर में मौजूद कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। सूचना मिलने पर कैंट पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक तेंदुए जैसा वन्यजीव जाता हुआ दिखाई देने की बात सामने आई है। वन विभाग के अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण किया, लेकिन तलाशी के दौरान जानवर का पता नहीं चल सका। वहीं, मौके पर उसके पैरों के निशान भी नहीं मिले। ऐसे में वन्यजीव के परिसर में आने और वहां से निकलने की दिशा का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

तीन टीमों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

प्रभागीय वनाधिकारी की मौजूदगी में वन विभाग की टीम ने स्कूल परिसर के विभिन्न हिस्सों की जांच की। इसके बाद वन्यजीव की गतिविधियों का पता लगाने के लिए तीन टीमें गठित की गईं। टीमें सीसीटीवी फुटेज और परिसर की स्थिति के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास करेंगी कि संदिग्ध वन्यजीव कहां से आया और किस दिशा में गया।

सेंट मेरिज स्कूल परिसर में तेंदुआ दिखने की सूचना से मचा हड़कंप, वन विभाग ने गठित की तीन टीमें

कुत्तों के भौंकने पर सतर्क हुए सुरक्षा कर्मी

जानकारी के मुताबिक, दशहरा और भरत मिलाप के कारण स्कूल में अवकाश चल रहा है। बुधवार रात सुरक्षा कर्मी राजेंद्र कुमार परिसर में ड्यूटी कर रहे थे। गुरुवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर वह स्थिति देखने पहुंचे। इसी दौरान उन्हें तेंदुआ दिखाई देने का संदेह हुआ। उन्होंने बिना देर किए स्कूल प्रबंधन को सूचना दी और सुरक्षा के मद्देनजर कर्मचारियों को परिसर के अंदर सुरक्षित रहने के निर्देश दिए गए।

तलाशी में नहीं मिला वन्यजीव

सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए स्थान के आसपास छानबीन की। हालांकि, जांच के दौरान न तो वन्यजीव मिला और न ही उसके पैरों के स्पष्ट निशान पाए गए। स्कूल की सिस्टर जमीला के अनुसार, वन कर्मियों ने परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया, लेकिन उन्हें कहीं भी तेंदुआ नजर नहीं आया।

फिलहाल वन विभाग की टीमें सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही हैं। वन्यजीव की मौजूदगी की पुष्टि और उसकी संभावित आवाजाही का रास्ता पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *