वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में 77वां गणतंत्र दिवस इस बार पूरी तरह अलग और ऐतिहासिक होने जा रहा है। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली परेड आधी आबादी को समर्पित होगी, जहाँ हर कदम पर महिला शक्ति का प्रदर्शन दिखेगा। इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड की थीम ‘मिशन शक्ति’ रखी गई है।
परेड मैदान में उतरने वाली सभी 16 टोलियों का नेतृत्व महिला पुलिसकर्मी करेंगी। कमिश्नरेट पुलिस की घुड़सवारी, बाइकर्स दस्ता, अग्निशमन, बम डिस्पोजल स्क्वॉड समेत हर दस्ता पूरी तरह महिलाओं का होगा। खास आकर्षण यूपी की महिला ब्लैक कमांडो होंगी, जो पहली बार गणतंत्र दिवस परेड में अपनी फुर्ती और साहस का प्रदर्शन करेंगी।
करीब 300 महिला पुलिसकर्मियों की 24 टोलियों में प्रशिक्षु महिला पुलिस की 10 टोलियां, महिला कमांडो, ट्रैफिक पुलिस, विभिन्न थानों की महिला टोलियां, पीआरवी और स्कूटी दस्ता शामिल रहेगा। मार्च पास्ट के दौरान परेड कर रही बेटियां राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल को फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड कमांड से सलामी देंगी।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरी मीणा ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में राष्ट्र की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति सम्मान को दर्शाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
इस अवसर पर वाराणसी के प्रतिष्ठित नागरिक प्रोफेसर मंगला कपूर और प्रोफेसर श्याम सुंदर को पद्मश्री सम्मान मिलने पर वाराणसी पुलिस द्वारा भी विशेष सम्मान दिया जाएगा।
समारोह के बाद महिला पुलिसकर्मियों के सम्मान में विशेष लंच का आयोजन किया गया है। रात में केवल महिला पुलिसकर्मियों के लिए पूरा सिनेमा हॉल बुक कर देशभक्ति पर आधारित फिल्म ‘बार्डर-2’ दिखाई जाएगी। यह कमांडो दस्ता अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था व मुख्यालय डीआईजी शिवहरी मीणा के निर्देशन में पिछले दस दिनों से नियमित अभ्यास कर रहा है।
