नमो घाट पर एयर शो को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 11,900 पुलिसकर्मी तैनात

नमो घाट पर एयर शो को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 11,900 पुलिसकर्मी तैनात

79 अस्थायी पुलिस थाने बनाए गए, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर; दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष रूट प्लान

वाराणसी (रणभेरी): नमो घाट पर गुरुवार, 22 अक्टूबर से शुरू हो रहे भव्य एयर शो को लेकर वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। महाकुंभ की तर्ज पर शहर के विभिन्न स्थानों पर 11,900 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही पूरे आयोजन क्षेत्र की निगरानी और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार की गई है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बताया कि दर्शकों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।

79 अस्थायी पुलिस थानों से होगी निगरानी

एयर शो के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से तत्काल निपटने के लिए 79 अस्थायी पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं। इनमें 48 थाने नगर क्षेत्र में और 31 थाने घाट क्षेत्र में बनाए गए हैं। इन थानों का संचालन नियमित पुलिस थानों की तर्ज पर किया जाएगा। प्रत्येक थाने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

नमो घाट पर एयर शो को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 11,900 पुलिसकर्मी तैनात

पीएसी, एनडीआरएफ और एटीएस भी संभालेंगे मोर्चा

एयर शो की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के 11,900 जवानों के अलावा पीएसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता और एटीएस की भी तैनाती की गई है। सिविल पुलिस के जवान भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं। पुलिस प्रशासन वायुसेना के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। रिहर्सल के दौरान भी सुरक्षा योजना और व्यवस्थाओं को लेकर समन्वय किया गया था, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

बाहर से आने वाले दर्शकों की मदद करेंगे पुलिसकर्मी

दूसरे शहरों से आने वाले दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, एयरपोर्ट और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ये पुलिसकर्मी आगंतुकों को निर्धारित मार्गों से आयोजन स्थल तक पहुंचने में मदद करेंगे। इसके साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का करें इस्तेमाल

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने आमजन से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने दर्शकों से निर्धारित रास्तों, दर्शक दीर्घाओं और चिह्नित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने को कहा है। साथ ही अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश से बचने की हिदायत दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आमजन के सहयोग से एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सकेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *