वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत प्रशासन द्वारा लगातार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी है। अब तक करीब 25 भवनों की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें गिराने का काम शुरू किया जा चुका है। क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर प्रतिदिन तोड़फोड़ की जा रही है।

लेकिन ध्वस्तीकरण के बाद मलबा समय से न हटाए जाने के कारण स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दालमंडी इलाके में लगभग पांच अलग-अलग स्थानों पर मलबे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे न सिर्फ आवागमन बाधित हो रहा है बल्कि दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच भी प्रभावित हो रही है।
दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन द्वारा इमारतें गिराने का काम तो तेजी से किया जा रहा है, लेकिन उसके बाद मलबा हटाने की व्यवस्था बेहद धीमी है। मलबे के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं और व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है।

व्यापारियों ने इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की है, लेकिन अब तक मलबा उठाने को लेकर कोई ठोस कार्रवाई होती नहीं दिख रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ध्वस्तीकरण के साथ-साथ मलबा निस्तारण की प्रक्रिया भी तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में सामान्य जनजीवन और व्यापार सुचारू रूप से चल सके।
