(रणभेरी): रविवार को वृंदावन स्थित बांकेबिहारी मंदिर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मंदिर के सेवायतों और गोस्वामी समाज की महिलाओं की सुरक्षाकर्मियों से तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नेताओं के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों ने सेवायत गोस्वामी परिवार की महिलाओं को मंदिर परिसर में प्रवेश से रोक दिया। इस फैसले से नाराज महिलाओं ने विरोध जताते हुए प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की।
गोस्वामी समाज की महिलाओं का कहना था कि उन्हें परंपरागत रूप से मंदिर में प्रवेश और सेवा का अधिकार है, जिसे किसी भी परिस्थिति में रोका नहीं जा सकता। महिलाओं ने इसे अवैधानिक बताते हुए कहा कि सुरक्षा के नाम पर उनके धार्मिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई। हालांकि कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हुए।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मथुरा दौरे पर थे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनकी अगवानी के लिए पहुंचे थे। दोनों नेताओं का बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित था, जिसे लेकर प्रशासन पहले से ही सतर्क था।
