वाराणसी (रणभेरी): नवरात्र और प्रस्तावित एयर शो को देखते हुए वाराणसी नगर निगम की ओर से मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम की टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर कार्रवाई भी कर रही हैं। इसके बावजूद पुराना पुल पुलिस चौकी क्षेत्र में खुलेआम मछली की बिक्री होने का मामला सामने आया है। यहां शाम होते ही ठेलों पर मछलियां सज जाती हैं और ग्राहक बेखौफ होकर खरीदारी करते नजर आते हैं।
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, पुराना पुल इलाके में रोजाना शाम को मछली की दुकानें लग रही हैं। खास बात यह है कि प्रतिबंध के बीच यहां कथित तौर पर थाई मछली की बिक्री भी की जा रही है। ऐसे में नगर निगम के प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से लागू कराने को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
26 अक्टूबर तक लागू है प्रतिबंध
नवरात्र के मद्देनजर नगर निगम क्षेत्र में 11 से 19 अक्टूबर तक मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाई गई थी। इसके बाद नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो को ध्यान में रखते हुए 19 से 26 अक्टूबर तक नमो घाट के 30 किलोमीटर के दायरे में भी बिक्री प्रतिबंधित किए जाने की जानकारी दी गई है। नगर निगम की ओर से इस संबंध में अभियान चलाकर नियमों का पालन कराने का प्रयास किया जा रहा है।
हालांकि, पुराना पुल क्षेत्र में खुलेआम बिक्री होने की शिकायतें निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठा रही हैं। यदि प्रतिबंधित क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो संबंधित विभाग की ओर से इसकी जांच और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जरूरत है।

विमानों को बर्ड हिट से बचाने के लिए फैसला
वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित सैन्य एयर शो के मद्देनजर तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर अपने करतब दिखाएंगे। इस दौरान पक्षियों के विमानों से टकराने यानी बर्ड हिट की आशंका को कम करना भी अहम माना जा रहा है। इसी उद्देश्य से वायुसेना के अनुरोध पर नमो घाट के आसपास 30 किलोमीटर की परिधि में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस-मछली की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। अब देखना होगा कि नगर निगम पुराना पुल समेत अन्य क्षेत्रों में प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित कराने के लिए क्या कदम उठाता है।
