वाराणसी (रणभेरी): कचहरी में गुरुवार को उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब 17 वर्षीय किशोरी के साथ एक युवक शादी के सिलसिले में पहुंचा। वहां एक वकील के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी होने के बाद मामला बढ़ गया और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, युवक काशीराम आवास में रहता है। घटना के बाद पुलिस ने किशोरी और युवक के परिवार वालों को कचहरी चौकी बुलाया। इस दौरान किशोरी के पिता ने कैंट पुलिस को लिखित शिकायत देकर युवक पर गंभीर आरोप लगाए।
पिता ने लगाए बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप
किशोरी के पिता का आरोप है कि युवक उनकी बेटी को अपने प्रभाव में लेकर आया था। उन्होंने दावा किया कि युवक ने किशोरी का शारीरिक शोषण किया और उसकी इच्छा के विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने की कोशिश की। शिकायत में युवक के माता-पिता की भूमिका होने का आरोप भी लगाया गया है।
पिता के मुताबिक, परिवार ने पहले भी युवक और उसके परिजनों को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन विवाद नहीं सुलझा। गुरुवार को युवक किशोरी को लेकर कचहरी पहुंचा, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। परिजनों ने इस प्रकरण को ‘लव जिहाद’ बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
युवक ने वकील पर रुपये मांगने और मारपीट का लगाया आरोप
दूसरी ओर, हिरासत में लिए गए युवक ने अपना पक्ष रखते हुए अलग कहानी बताई। उसका दावा है कि किशोरी के माता-पिता की ओर से उसे कचहरी बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर कथित तौर पर निकाह कराने और परिवार से अलग करने की बात कही गई।
युवक के अनुसार, इस दौरान वकील ने उससे 10 हजार रुपये और किशोरी के पक्ष से भी 10 हजार रुपये मांगे। रुपये देने में असमर्थता जताने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि अब उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
शिकायत के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
कैंट थाना प्रभारी राज किशोर पांडेय के मुताबिक, किशोरी के पिता की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और युवक को हिरासत में लिया गया है।
