राजातालाब क्षेत्र में छात्रा के गायब होने से मचा हड़कंप, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
वाराणसी (रणभेरी): जिले के राजातालाब थाना क्षेत्र में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने घर से निकली 18 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने कुछ लोगों पर छात्रा को परेशान करने, जबरन शादी के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रा 13 अक्टूबर को सुबह करीब नौ बजे परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। वह जक्खिनी स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पढ़ती है। परिजनों का कहना है कि घर से निकलने से पहले छात्रा ने अपनी बहन को बताया था कि स्कूल आने-जाने के दौरान कुछ लोग उसे रास्ते में रोककर परेशान करते थे।
परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के अनुसार, मिर्जापुर निवासी आकाश दुबे नामक युवक पर छात्रा को शादी के लिए मजबूर करने का दबाव बनाने का आरोप है। परिजनों का दावा है कि शादी से इनकार करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। बताया जा रहा है कि छात्रा ने इस परेशानी के बारे में कॉलेज की एक अन्य छात्रा को भी जानकारी दी थी। इसके बाद उस छात्रा ने फोन कर पीड़िता की मां को पूरे मामले से अवगत कराया।
छात्रा के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने जक्खिनी पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल लापता छात्रा की तलाश की जा रही है और लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। पुलिस जांच के बाद ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
