इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर G9’ के सेट पर बड़ा हादसा? हवा में पलटी SUV, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर G9’ के सेट पर बड़ा हादसा? हवा में पलटी SUV, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी की आगामी फिल्म ‘गनमास्टर G9’ के सेट से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। वीडियो में एक SUV हवा में घूमते हुए नीचे खड़ी वैन की छत से टकराती दिखाई दे रही है। घटना के बाद सेट पर मौजूद क्रू मेंबर्स और अन्य लोग तुरंत गाड़ी की ओर दौड़ते नजर आते हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि यह फिल्म की शूटिंग के लिए किया जा रहा स्टंट था या तकनीकी खराबी के कारण कोई हादसा हुआ।

क्रेन से लटकाई गई SUV अचानक नीचे गिरी

वायरल वीडियो में सड़क पर फिल्म के एक एक्शन सीन की तैयारी दिखाई देती है। एक बड़ी क्रेन की मदद से SUV को हवा में उठाया गया था। आसपास फिल्म यूनिट के सदस्य और अन्य लोग मौजूद थे। वीडियो में काउंटडाउन के बाद SUV अचानक हवा में पलटती है और नीचे खड़ी काली वैन से टकरा जाती है।

गाड़ी के गिरते ही मौके पर मौजूद लोग उसकी तरफ भागते दिखाई देते हैं। हालांकि, इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। फिल्म के निर्माताओं की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

क्या इमरान हाशमी भी थे मौके पर?

इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि SUV गिरने के समय इमरान हाशमी घटनास्थल पर मौजूद थे। कुछ पोस्ट में दावा किया गया है कि गाड़ी अभिनेता के बेहद करीब आकर गिरी थी। हालांकि, वायरल फुटेज में इमरान की मौजूदगी स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देती।
ऐसे में अभिनेता के घटनास्थल पर होने और गाड़ी के उनसे कुछ इंच की दूरी पर गिरने के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि घटना के दौरान किसी को चोट आई या नहीं।

इमरान हाशमी के साथ नजर आएंगे ये कलाकार

‘गनमास्टर G9’ में इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में ईश्वर का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में जेनेलिया डिसूजा आरती और अपारशक्ति खुराना देसू की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन आदित्य दत्त कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी सरीम मोमिन और जुनैद वासी ने लिखी है।

फिल्म में इमरान हाशमी और हिमेश रेशमिया एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। कहानी एक ऐसे प्रेमी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पसंद की महिला के साथ जिंदगी बिताने के लिए खतरनाक रास्ता चुनता है। इस सफर में उसका सामना एक ताकतवर दुश्मन से होता है। फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर कर रहे हैं। इसे सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया जा रहा है।

हरिद्वार में भी विवादों में रही फिल्म

गनमास्टर G9’ की शूटिंग इससे पहले जून 2026 में हरिद्वार में भी चर्चा का विषय बनी थी। उस दौरान फिल्म के सेट पर बनाए गए बार और रेस्टोरेंट के बोर्ड को लेकर विवाद हो गया था। कुछ हिंदूवादी संगठनों और तीर्थ पुरोहितों ने मौके पर पहुंचकर आपत्ति जताई थी। विरोध करने वालों ने फिल्म यूनिट से हरिद्वार में इस तरह का बोर्ड लगाए जाने की अनुमति को लेकर सवाल किए थे। विवाद बढ़ने के बाद बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटा दिया गया था।

उस घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे। फिलहाल फिल्म के सेट से वायरल हुए नए वीडियो को लेकर आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार है। जब तक निर्माता या फिल्म की टीम घटना पर स्थिति स्पष्ट नहीं करती, तब तक इसे हादसा कहना या इमरान हाशमी की मौजूदगी के दावों को सही मानना जल्दबाजी होगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *