(रणभेरी): मऊ के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के हकीकतपुरा स्थित एक निजी अस्पताल में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई। डायलिसिस मरीज का बहाना बनाकर पहुंचे बदमाशों ने अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी को बंधक बनाकर चार डायलिसिस मशीनें चोरी कर लीं। करीब एक घंटे तक चले इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम देने के बाद आरोपी पिकअप वाहन से मशीनें लादकर फरार हो गए। वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार हकीकतपुरा निवासी अबू सलमा ने बताया कि उनके अस्पताल का संचालन भीटी निवासी डॉक्टर पंकज सिंह द्वारा एग्रीमेंट के तहत किया जा रहा है। गुरुवार रात करीब 12 बजे दो-तीन युवक डायलिसिस मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचे। उस समय डायलिसिस ऑपरेटर बृजराज चौहान एक अन्य मरीज का उपचार कर रहे थे। उन्होंने नए आए लोगों से कुछ देर प्रतीक्षा करने को कहा।
कुछ समय बाद जब डायलिसिस कर रहा मरीज और उसके परिजन अस्पताल से चले गए और केंद्र में केवल ऑपरेटर मौजूद रह गया, तभी आरोपियों ने मौका देखकर बृजराज चौहान के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसे कुर्सी से बांध दिया गया और शोर न मचा सके, इसके लिए मुंह पर टेप चिपका दिया गया।
स्वास्थ्यकर्मी को बंधक बनाने के बाद आरोपी आराम से एक-एक कर चार डायलिसिस मशीनें बाहर ले गए और पिकअप वाहन में लोड कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एक मशीन की कीमत लगभग सात लाख रुपये है, इस हिसाब से चोरी गई मशीनों की कुल कीमत करीब 28 लाख रुपये आंकी जा रही है। घटना के बाद किसी तरह मुंह से टेप हटाकर बृजराज चौहान ने आसपास के लोगों को शोर मचाकर सूचना दी, तब जाकर मामला सामने आया।
इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन की ओर से दक्षिणटोला थाने में पांच से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी बसंतलाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्रारंभिक जांच में एक मशीन के गायब होने की पुष्टि हो रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
