(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनी माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट उड़ान के दौरान अनियंत्रित होकर शहर के रिहायशी इलाके में स्थित तालाब में जा गिरा। यह घटना केपी कॉलेज के पीछे बने तालाब में हुई, जहां अचानक तेज विस्फोट जैसी आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान सामान्य तरीके से उड़ान भर रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में उसका संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते वह नीचे की ओर झपटा और सीधे तालाब में समा गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
स्थानीय निवासी पदम सिंह ने बताया कि वे स्कूल परिसर में मौजूद थे, तभी अचानक रॉकेट जैसी आवाज सुनाई दी। “आवाज सुनते ही हम लोग तालाब की तरफ भागे। कुछ लोग दलदल में फंसे हुए थे। बिना देर किए हम तालाब में उतरे और तीन लोगों को बाहर निकालने में मदद की,” उन्होंने कहा।
भारतीय वायुसेना की ओर से मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह माइक्रोलाइट विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था। विमान में दो पायलट सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दोनों को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई है, जिससे राहत की स्थिति बनी हुई है।
घटना की खबर मिलते ही प्रशासन, पुलिस और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर तालाब और आसपास के क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर घेर लिया गया है। फिलहाल रेस्क्यू टीम विमान को तालाब से बाहर निकालने के प्रयास में जुटी है, ताकि तकनीकी जांच की जा सके।
वायुसेना और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। शुरुआती अनुमान में तकनीकी खामी या उड़ान के दौरान संतुलन बिगड़ने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण उड़ानों में सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता है और इस घटना की हर पहलू से जांच की जाएगी।
