(रणभेरी): भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के विकास की रफ्तार बढ़ी है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में NDA पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगा और जीत हासिल करेगा।
तावड़े ने कहा कि चुनाव भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के मार्गदर्शन में लड़ा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
अगले पांच साल जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे
भाजपा नेता ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद भाजपा और NDA के कार्यकर्ता अगले पांच वर्षों तक प्रदेश की जनता की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी विकास और जनसेवा के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। तावड़े ने कहा कि उत्तर प्रदेश में संगठन पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारी करेगा। कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर NDA एक बार फिर प्रदेश में जीत दर्ज करेगी।
PDA पर तावड़े का हमला, बोले- ‘पराया धन अपना’
समाजवादी पार्टी के PDA नारे पर भी विनोद तावड़े ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के PDA के नारों को NDA कार्यकर्ता नाकाम करेंगे। PDA की अपनी राजनीतिक व्याख्या करते हुए तावड़े ने इसे ‘पराया धन अपना’ बताया।
उन्होंने कहा कि NDA ऐसा कभी नहीं होने देगा। तावड़े ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन को मजबूत करने और चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट जाएं। उन्होंने भरोसा जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती के आधार पर NDA आगामी विधानसभा चुनाव में फिर जीत हासिल करेगा।
