वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा, चालक फरार
वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रविवार की शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। चोलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोला गांव के समीप तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को पीछे से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर निवासी किशन चौबे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किशन चोलापुर के मुरली गांव स्थित अपने ननिहाल से वापस घर लौट रहा था। जैसे ही वह गोला गांव के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हेलमेट न पहनने से बढ़ी चोट, अस्पताल में तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशन बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। हादसे के समय उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
किशन दो भाइयों में सबसे बड़ा था और अविवाहित था। पिता स्वर्गीय दिवाकर चौबे के निधन के बाद घर की जिम्मेदारियां उसी के कंधों पर थीं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।
