वाराणसी (रणभेरी): चौबेपुर थाना क्षेत्र के कादीपुर गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रेलवे लाइन पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार कादीपुर निवासी सुरेंद्र भारती (39), पुत्र भैयालाल, गुरुवार रात घर से शौच के लिए रेलवे ट्रैक की तरफ गए थे। इसी दौरान अचानक तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।हादसे की खबर मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर चौबेपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जाता है कि सुरेंद्र भारती परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से पत्नी, दो बेटे और एक बेटी के सामने जीवन यापन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
