वाराणसी (रणभेरी): अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इस पहल के तहत धाम पहुंचने वाली सभी महिलाओं को आज नि:शुल्क VIP दर्शन की सुविधा प्रदान की जा रही है। मंदिर प्रशासन ने महिलाओं के लिए गेट नंबर 4B से विशेष प्रवेश की व्यवस्था की है, जिससे उन्हें दर्शन में किसी तरह की असुविधा न हो। यह सुविधा वाराणसी की महिलाओं के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाली सभी महिला श्रद्धालुओं के लिए लागू है।
मंदिर प्रशासन ने महिला श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में प्रवेश करते समय किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित वस्तु साथ न लाएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे और दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

महिलाओं के सम्मान में मंदिर प्रशासन की पहल
काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि महिला दिवस के मौके पर महादेव की नगरी काशी में महिलाओं को विशेष सम्मान देने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आज के दिन धाम में दर्शन के लिए आने वाली हर महिला श्रद्धालु को VIP की तरह दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि यह सुविधा सुबह 5 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद शाम 5 बजे से मंदिर के बंद होने तक भी महिलाओं को इसी तरह की विशेष दर्शन व्यवस्था का लाभ मिलता रहेगा।
गोद में बच्चे वाली महिलाओं को मिलेगी प्राथमिकता
मंदिर प्रशासन ने गोद में छोटे बच्चों के साथ आने वाली महिलाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। ऐसे मामलों में उन्हें प्राथमिकता देते हुए जल्दी दर्शन कराया जाएगा, ताकि उन्हें भीड़ में अधिक देर तक इंतजार न करना पड़े।प्रशासन के अनुसार सभी महिला श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में व्यवस्थित तरीके से ले जाकर सीधे झांकी दर्शन कराया जाएगा। इसके लिए सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़े सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पहले ही आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
