वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने अपने ही गांव के युवक पर शादी का झूठा वादा कर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि लंबे समय तक भरोसा दिलाकर संबंध बनाए गए, लेकिन जब उसने विवाह की बात पक्की करने का दबाव बनाया तो युवक ने जाति का हवाला देकर रिश्ता तोड़ दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है और आरोपी की तलाश जारी है।पीड़िता के अनुसार करीब एक वर्ष पहले उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच नजदीकियां हो गईं। आरोप है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और हर बार विवाह का आश्वासन देकर उसे चुप कराता रहा।
युवती का कहना है कि जब उसने परिवार से शादी की बात करने को कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगा। हाल में जब उसने स्पष्ट जवाब मांगा, तो युवक ने जाति अलग होने का कारण बताकर शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि वह गर्भवती हो गई है और इस बात की जानकारी देने पर आरोपी ने उसे धमकाकर दूरी बना ली।
घटना से आहत युवती ने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है, मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।
