वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया इलाके से 28 जनवरी को लापता हुए ई-रिक्शा चालक सनी सोनकर (25) की हत्या की पुष्टि हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सनी की हत्या उसके ही चार दोस्तों ने मिलकर की और शव को विश्वसुंदरी पुल से गंगा नदी में फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार कमिशन के पैसों के लेनदेन को लेकर सनी और उसके साथियों के बीच विवाद हुआ था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इसी रंजिश के चलते उन्होंने सनी की हत्या कर दी। मामले में मिले सीसीटीवी फुटेज में चारों युवक सनी के साथ मारपीट करते दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।
आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि हत्या में शामिल सभी आरोपी सनी के साथी हैं। शव की बरामदगी के लिए आदमपुर पुलिस, एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम विश्वसुंदरी पुल और आसपास के घाटों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है।
सीसीटीवी फुटेज बनी अहम कड़ी
जांच में पता चला कि आरोपी सनी को पहले जलालीपुरा ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
परिजनों ने पहले जताई थी हत्या की आशंका
सनी के परिजनों ने रविवार को आदमपुर थाने पहुंचकर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। बड़े भाई सूरज और मां मंजू देवी ने बताया था कि 28 जनवरी की रात चार युवक सनी को घर से बुलाकर ले गए थे, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पुलिस ने 6 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज की थी। अब हत्या की पुष्टि के बाद पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
