वाराणसी: निजी फोटो वायरल करने की धमकी, युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

वाराणसी: निजी फोटो वायरल करने की धमकी, युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक के खिलाफ निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। आरोपी युवक चौबेपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में गुजरात में कार्यरत है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान

पीड़िता, जो वाराणसी शहर में एक निजी कंपनी में कार्यरत है, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि करीब दस महीने पहले उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर संदीप पटेल नामक युवक से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कई बार मुलाकात भी हुई।

मुलाकात के दौरान ली गईं निजी तस्वीरें

जांच अधिकारी एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना के अनुसार, युवती का आरोप है कि मुलाकात के दौरान आरोपी ने उसके मोबाइल से उसकी निजी तस्वीरें अपने फोन में ले लीं। कुछ समय बाद इस संबंध की जानकारी युवती के परिजनों को हुई, जिन्होंने दोनों को समझाकर मिलने-जुलने पर रोक लगा दी।

गुजरात से दे रहा धमकी

पीड़िता ने बताया कि इसके बाद आरोपी के परिजनों ने उसे गुजरात भेज दिया। वहां से वह लगातार फोन कर युवती पर बात करने का दबाव बना रहा है। मना करने पर वह निजी तस्वीरों को सोशल मीडिया और परिवारजनों को भेजने की धमकी दे रहा है।

आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज

वाराणसी: निजी फोटो वायरल करने की धमकी, युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351 और 352 के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी विदुष सक्सेना ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *