वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलने वाली इन परीक्षाओं के लिए जिले में कुल 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट मिलाकर कुल 92,277 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। पहले दिन दोनों पालियों में हिंदी विषय की परीक्षा कराई जा रही है। पहली पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक हाईस्कूल के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक इंटरमीडिएट के छात्रों की परीक्षा होगी।
117 केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, कमांड सेंटर से मॉनिटरिंग
नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के लिए सभी परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी सर्विलांस से जोड़ा गया है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हर गतिविधि की निगरानी राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में बनाए गए कंट्रोल रूम से की जा रही है।
यहां लगी बड़ी स्क्रीन पर सभी केंद्रों की लाइव फीड देखी जा रही है।जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले को परीक्षा संचालन के लिए 12 सेक्टर और 8 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर और जोन में मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराई जा सके।
पहले दिन परीक्षार्थियों का स्वागत, पुष्प वर्षा कर बढ़ाया उत्साह
परीक्षा के पहले दिन हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षार्थियों का खास स्वागत किया गया। कॉलेज की प्राचार्य और शिक्षिकाओं ने छात्राओं पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया और मिठाई खिलाकर परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।
लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों और छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। केंद्राध्यक्षों को परिषद के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के आदेश दिए गए हैं।
सेंट्रल जेल में भी बना परीक्षा केंद्र
इस बार जिला प्रशासन ने सेंट्रल जेल में भी परीक्षा केंद्र बनाया है। इसके अलावा नकल रोकने के लिए उड़नदस्ता की पांच टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं।कुल मिलाकर वाराणसी में यूपी बोर्ड परीक्षा कड़ी सुरक्षा और व्यापक निगरानी के बीच शांतिपूर्वक शुरू हो गई है।
