(रणभेरी): उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। 18 मार्च से शुरू हुई इस प्रक्रिया में अब तक 50 प्रतिशत से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी कर ली गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मूल्यांकन 4 अप्रैल तक समाप्त होना है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अब तक हाईस्कूल की लगभग 1.91 लाख और इंटरमीडिएट की करीब 1.78 लाख कॉपियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। शेष बची कॉपियों की जांच अगले कुछ दिनों में पूरी कर ली जाएगी।
जिले में इस बार कुल 6.21 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए प्राप्त हुई हैं। इनके मूल्यांकन के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं, जहां शिक्षक लगातार कार्य में जुटे हुए हैं। अभी भी हाईस्कूल की करीब 1.63 लाख और इंटरमीडिएट की लगभग 88 हजार कॉपियां जांच के लिए बाकी हैं।
विशेष बात यह है कि जिन कॉपियों का मूल्यांकन पूरा हो चुका है, उनके अंक परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड भी किए जा चुके हैं। इससे परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया भी समानांतर रूप से जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि मूल्यांकन कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। पिछले वर्षों के अनुभव को देखते हुए इस बार भी अप्रैल के अंतिम सप्ताह, संभवतः 25 अप्रैल के आसपास, परिणाम घोषित किए जाने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया था। अब सभी की निगाहें परिणाम की घोषणा पर टिकी हैं।
