तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, ग्रामीणों की मदद से बची जान
वाराणसी (रणभेरी): चौबेपुर क्षेत्र के शाहपुर गांव के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार लोडिंग ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो तेज गति से जा रहा था, तभी अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर भेजा गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। सीएचसी नरपतपुर के प्रभारी चिकित्सक डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि घायल की पहचान अनंत कुमार सिंह, निवासी सोना तालाब, वाराणसी के रूप में हुई है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकीय निगरानी में इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
