काशी पहुंचीं टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी, परिवार संग किए मंदिरों के दर्शन

काशी पहुंचीं टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी, परिवार संग किए मंदिरों के दर्शन

वाराणसी (रणभेरी): लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी हाल ही में काशी पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने परिवार के साथ शहर के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। वाराणसी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वातावरण का अनुभव करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि काशी आकर उन्हें बेहद शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ।

अपने दौरे के दौरान उन्होंने दुर्गाकुंड मंदिर और संकट मोचन हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिरों में दर्शन करने के बाद देवोलीना ने काशी की धार्मिक परंपराओं और वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यहां का आध्यात्मिक माहौल मन को अलग ही सुकून देता है। उन्होंने अपनी इस यात्रा की कुछ झलकियां अपने फेसबुक अकाउंट पर भी साझा कीं, जिन्हें उनके प्रशंसकों ने खूब पसंद किया और कमेंट के जरिए शुभकामनाएं दीं।

टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री

22 अगस्त 1985 को असम के शिवसागर में जन्मीं देवोलीना भट्टाचार्जी भारतीय टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री होने के साथ-साथ प्रशिक्षित भरतनाट्यम नृत्यांगना भी हैं। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान स्टार प्लस के चर्चित धारावाहिक “साथ निभाना साथिया” में निभाए गए गोपी मोदी के किरदार से मिली। इस भूमिका ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया और उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई।

काशी पहुंचीं टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी, परिवार संग किए मंदिरों के दर्शन

देवोलीना ने अपनी शुरुआती शिक्षा असम के शिवसागर स्थित गोधुला ब्राउन मेमोरियल इंग्लिश हाई स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड टेक्नोलॉजी (NIFT) से उच्च शिक्षा हासिल की। अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले वह मुंबई में ज्वेलरी डिजाइनर के रूप में भी काम कर चुकी हैं।

रियलिटी शो में भी दिखा अंदाज

देवोलीना ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2011 में टीवी शो “सवारे सबके सपने प्रीतो” से की थी। इसके बाद 2012 में उन्होंने जिया मानेक की जगह लेते हुए “साथ निभाना साथिया” में गोपी मोदी की मुख्य भूमिका निभाई। इसके अलावा वह टीवी के लोकप्रिय रियलिटी शो “बिग बॉस 13”, “बिग बॉस 14” और “बिग बॉस 15” में भी नजर आ चुकी हैं, जहां उनकी मौजूदगी ने दर्शकों का ध्यान खींचा।

निजी जीवन

देवोलीना भट्टाचार्जी ने 14 दिसंबर 2022 को अपने जिम ट्रेनर शानवाज़ शेख से शादी की। वर्ष 2024 में उन्होंने अपने पहले बेटे को जन्म दिया। फिलहाल वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ गुरुग्राम में रहती हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *