वाराणसी (रणभेरी): मिर्जापुर जनपद के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा–मिर्जापुर हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित कंटेनर ने आगे चल रहे दूसरे कंटेनर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के मिलक क्षेत्र निवासी चालक अरविंद कुमार (36) अपने साथी लालता यादव (50), निवासी चंदौली, के साथ कोल्ड ड्रिंक से लदा कंटेनर लेकर हाईवे से गुजर रहे थे। रात करीब 10 बजे घाटी से नीचे उतरते समय अचानक वाहन का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया, लेकिन कंटेनर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे दूसरे कंटेनर से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों चालकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार दो सगे भाई-अजय और विजय, निवासी भदोही-भी दुर्घटना की चपेट में आ गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
