वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया गांव में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। घर के दरवाजे पर खेलते-पढ़ते लौट रहे पांच वर्षीय बालक की दीवार गिरने से मौत हो गई, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनुराग नामक बालक अपनी मां के मायके, नाना महादेव के घर रहकर पढ़ाई करता था। वह प्रतिदिन गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में शिक्षा लेने जाता था। मंगलवार को भी वह पढ़ाई समाप्त कर अपनी शिक्षिका के साथ घर वापस लौट रहा था। जैसे ही दोनों घर के मुख्य द्वार पर पहुंचे, उसी समय गांव में बोरिंग कार्य के लिए आया एक मालवाहक वाहन पीछे किया जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक ने पीछे करते समय नियंत्रण खो दिया और वाहन कच्ची दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि दीवार भरभराकर ढह गई। दीवार के समीप खड़े अनुराग और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरोज देवी मलबे में दब गए। पास में मौजूद एक अन्य बच्ची सृष्टि भी चपेट में आकर घायल हो गई।

चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मासूम अनुराग दम तोड़ चुका था। गंभीर रूप से घायल सरोज देवी और सृष्टि को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

सूचना मिलते ही राजातालाब थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। मृतक के मामा अजीत ने बताया कि मालवाहक वाहन बोरिंग मशीन लेकर गांव में आया था और पीछे करते समय यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों को सांत्वना देने का प्रयास कर रही है।
गांव में इस दुर्घटना के बाद भारी आक्रोश और शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने ऐसे कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
