नमो घाट पर बढ़ती भीड़ के बीच ट्रैफिक पुलिस का नया प्लान, वनवे व्यवस्था लागू

नमो घाट पर बढ़ती भीड़ के बीच ट्रैफिक पुलिस का नया प्लान, वनवे व्यवस्था लागू

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में नमो घाट पर बढ़ती भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने नई व्यवस्था लागू की है। अब घाट की ओर जाने वाला रास्ता वनवे कर दिया गया है, जिससे आवागमन को सुचारु बनाया जा सके।

नई व्यवस्था के तहत वाहन नमो घाट में प्रवेश तो कर सकेंगे, लेकिन वापसी के लिए उन्हें भैंसासुर घाट के गेट नंबर तीन से होकर भदऊ चुंगी की दिशा में निकाला जा रहा है। हालांकि, भैंसासुर मंदिर के पास गेट नंबर तीन पर अतिक्रमण के कारण वाहनों की गति प्रभावित हो रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नगर निगम से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

नमो घाट पर इन दिनों स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों की भी भारी भीड़ देखी जा रही है। यहां शुरू हुई संध्या आरती और क्रूज व मोटरबोट सेवाओं के कारण लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। साथ ही, घाट पर मौजूद सीएनजी पंप के चलते ऑटो और सीएनजी कारों की आवाजाही भी अधिक रहती है, जिससे खासकर शाम के समय जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार इसका असर राजघाट पुल तक देखने को मिलता है।

ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए यह भी तय किया गया है कि मुख्य मार्ग से ढलान के रास्ते नमो घाट आने वाले वाहन या तो पार्किंग में खड़े होंगे या सीएनजी भरवाने के बाद सीधे निर्धारित निकास मार्ग से बाहर जाएंगे। उन्हें वापस उसी रास्ते से लौटने की अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा, राजघाट पुल पर भी समय-समय पर वनवे व्यवस्था लागू की गई है। शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक और सुबह 8 बजे से 10 बजे तक मालवाहक और अवैध यात्री वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इन समयों में केवल जरूरी वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी, जबकि सुबह के समय स्कूली वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रशासन का मानना है कि इन नए नियमों से नमो घाट और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *