वाराणसी (रणभेरी) : केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) का दो दिवसीय आयोजन जिले में जारी है। रविवार को परीक्षा का दूसरा दिन है, जिसमें शहर के 45 केंद्रों पर दोनों पालियों में करीब 35 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस बार महिला अभ्यर्थियों की संख्या अधिक बताई जा रही है।
पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सुबह से ही केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए।परीक्षा की निगरानी के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। हर केंद्र पर दो पर्यवेक्षक के साथ सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।

स्थानीय स्तर पर सीबीएसई की सिटी कोऑर्डिनेटर डॉ. नीलम सिंह के नेतृत्व में टीम भी पूरी व्यवस्था पर नजर रखे हुए है।प्रवेश को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र का प्रिंट, वैध पहचान पत्र की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य है। डिजिटल घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री ले जाने पर परीक्षा से निष्कासन की कार्रवाई की जाएगी।
पहले दिन हजारों अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
शनिवार को हुए पहले दिन की परीक्षा में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 4,620 परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। पहली पाली में 24,647 और दूसरी पाली में 11,191 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।सीटीईटी में पहले से कार्यरत शिक्षकों के लिए पात्रता अनिवार्य होने के कारण इस बार अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ी हुई दिखाई दे रही है। प्रशासन और परीक्षा एजेंसी दोनों ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
