वाराणसी में भी दिखेगा आसमान में शौर्य का नज़ारा, 8 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो

वाराणसी में भी दिखेगा आसमान में शौर्य का नज़ारा, 8 अक्तूबर को प्रस्तावित एयर शो

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में इस वर्ष वायुसेना दिवस के अवसर पर एयर शो आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है। 8 अक्तूबर को होने वाले इस प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर एयरफोर्स, एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के बीच मंथन जारी है।

बताया जा रहा है कि लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा, बाबतपुर में हाल ही में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें एयर शो की संभावनाओं और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के अत्याधुनिक लड़ाकू विमान अपनी क्षमता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। करीब ढाई घंटे तक चलने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शकों के शामिल होने की उम्मीद है। हालांकि, फिलहाल कार्यक्रम स्थल तय नहीं हुआ है। एयरपोर्ट के विस्तार कार्य को देखते हुए यह भी विचार किया जा रहा है कि यदि आवश्यक हुआ तो वैकल्पिक स्थान चुना जा सकता है।

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के अनुसार, एयरपोर्ट के विस्तार का कार्य तेजी से जारी है और संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी तैयारियों पर विचार किया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले प्रयागराज में वायुसेना द्वारा समय-समय पर एयर शो आयोजित किए जाते रहे हैं। वर्ष 2023 में वायुसेना दिवस पर संगम क्षेत्र में भव्य एयर डिस्प्ले किया गया था, जिसमें राफेल, सुखोई और तेजस जैसे विमानों ने हिस्सा लिया था।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *