मुफ्ती-ए- बनारस अब्दुल बातिन नोमानी ने रमजान की मुबारकबाद दी , आज रखा गया पहला रोजा
वाराणसी (रणभेरी) : मुकद्दस रमजान माह शुरू हो गया है। रमजान माह को लेकर मोमिन के चेहरों पर खुशियां दौड़ गई। चांद के दीदार क खुशी में लोगों ने एक दूसरे को मुबारकबाद दी। इसके साथ बाजारों में लोग सहरी और इफ्तार की सामग्रियों की खरीदारी करते हुए दिखे। शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों नईसड़क, रेवड़ी तालाब, अर्दली बाजार, बड़ीबाजार, मदनपुरा, लोहता आदि इलाकों में रौनक के साथ ही भीड़-भाड़ दिखायी पड़ी।
मुकद्दस रमजान माह के शुरू होते ही मस्जिदों, खानकाहों, घरों में तरावीह की नमाज शुरू हो गई। गुरुवार को लोगों ने रमजान माह का पहला रोजा रखा। नईसड़क स्थित लगड़े हाफिज मस्जिद में इज्तेमाई रुय्यते हेलाल कमेटी के चांद की तस्दीक करके एलान किया कि पहला रोजा गुरुवार को होगा।
उधर, लगड़े हाफिज मस्जिद, ज्ञानवापी मस्जिद, बीबी रजिया मस्जिद, नदेसर मस्जिद धौरहरा मस्जिद सहित अन्य इलाकों की मस्जिदों में एशा की नमाज के साथ ही तरावीह की नमाज शुरू हो गई। उधर, मुफ्ती-ए- बनारस अब्दुल बातिन नोमानी ने रमजान की मुबारकबाद दी है। कहा कि अल्लाह की इबादत का माह रमजान में हर कोई खूब इबादत करे। रोजे के साथ कुरान की तिलावत व नमाज तरावीह जरुर करें।

सऊदी अरब से खजूर की खेप बनारस पहुंची
मुकद्दस रमजान माह की शुरुआत होते ही बाजार पूरी तरह से गुलजार हो गये हैं। इसके साथ ही सऊदी अरब से खजूर की पहली खेप भी बनारस पहुंच गई है। जानकारों की मानें तो बनारस क मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में रोजाना 200 टन खजूर और अंजीर की खपत होती है।
इफ्तार के समय खजूर और अंजीर से रोजा खोला जाता है। इफ्तार की मेज पर खजूर और अंजीर शान के साथ लोग रखते हैं। रोजा खोलने के लिए खजूर का विशेष महत्व बताया गया है। इस बार भी बनारस के थोक बाजारों में ईरान, सऊदी अरब व इराक से खजूर व अंजीर मंगाया गया है।
जानकारों की मानें तो रमजान माह में तकरीबन 300 करोड़ से ज्यादा का कारोबार किया जायेगा। इस साल खजूर के दामों में 20 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई है। बाजार में सामान्य खजूर 220 रुपये किलो से शुरू होकर 600 से 800 प्रति किलो तक बिक रहे हैं। वहीं अंजीर 1200 से 1400 प्रति किलो बिक रहा है।
