(रणभेरी): सिंधौरा थाना क्षेत्र के भदेवली गांव में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक दंपति की दर्दनाक मृत्यु हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रमेश चंद्र भारती (58), जो जूनियर हाई स्कूल सिंधौरा में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे, अपनी पत्नी चमेला देवी (56) के साथ खेत में गेहूं की कटी फसल का बोझ बांधने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए दंपति पास स्थित नटवा बीर बाबा मंदिर के समीप एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतक दंपति अपने पीछे दो पुत्र और तीन पुत्रियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। इस दुखद घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक मौसम परिवर्तन और खुले स्थान पर पेड़ के नीचे खड़े होना इस हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
