बारात की खुशियां मातम में बदलीं, डीजे वाहन की चपेट में आकर दूल्हे के जीजा की मौत

बारात की खुशियां मातम में बदलीं, डीजे वाहन की चपेट में आकर दूल्हे के जीजा की मौत

वाराणसी (रणभेरी): राजातालाब क्षेत्र में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात के दौरान डीजे वाहन की चपेट में आने से दूल्हे के जीजा की मौत हो गई। हादसे के बाद शादी की रस्में भी रोक दी गईं और दोनों पक्षों में शोक का माहौल छा गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने डीजे वाहन चालक और मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, राजातालाब थाना क्षेत्र के नरसड़ा गांव में रविवार को पेड़ा लाल सोनकर की बेटी की शादी थी। भदोही जिले के गोरवरा नई बाजार से बारात आई थी। द्वारचार की रस्म के दौरान डीजे वाहन के पिछले हिस्से का टायर अचानक भीड़ में खड़े महमूरगंज, मंडुवाडीह निवासी गोलू सोनकर (28) के ऊपर चढ़ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

बारात की खुशियां मातम में बदलीं, डीजे वाहन की चपेट में आकर दूल्हे के जीजा की मौत

परिजन आनन-फानन में उसे लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गोलू सोनकर दूल्हे के जीजा थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रवीना का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे पांच साल का बेटा और चार साल की बेटी छोड़ गया है।

हादसे के कारण शादी की सारी तैयारियां थम गईं और कार्यक्रम भी आगे नहीं बढ़ सका। सोमवार सुबह वधू और वर पक्ष के लोग राजातालाब थाने पहुंचे और डीजे संचालक व चालक की गिरफ्तारी की मांग की। बताया गया कि वाहन का टायर युवक के सिर, चेहरे और दाहिने हाथ पर चढ़ गया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं।

इस मामले में नरसड़ा निवासी सुनील कुमार सोनकर की शिकायत पर पुलिस ने डीजे वाहन चालक (नाम-पता अज्ञात) और डीजे मालिक पंकज, निवासी हरसोस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *