22 मई से शुरू होगी जनगणना की पहली कड़ी

22 मई से शुरू होगी जनगणना की पहली कड़ी

7 से 21 मई तक नागरिक खुद कर सकेंगे ऑनलाइन स्व-गणना

वाराणसी (रणभेरी ): जनगणना-2027 के तहत पहले चरण में मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक कराया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश के मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना से जुड़े सभी कार्मिकों की नियुक्ति के साथ उन्हें समय से प्रशिक्षण दिया जाए और आम जनता को भी इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए।

मुख्य सचिव ने बताया कि इस बार नागरिकों को पहली बार स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का विकल्प दिया गया है। इसके तहत 7 से 21 मई 2026 तक लोग पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक बनने की उम्मीद है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार जनगणना में जीआईएस आधारित मानचित्रों और डिजिटल ऐप्स का उपयोग किया जाएगा, जिससे गांव, शहर और वार्ड स्तर पर डेटा संग्रहण अधिक व्यवस्थित ढंग से हो सके। जनगणना के जरिए सामाजिक, आर्थिक और आवासीय स्थिति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र की जाएगी, जो भविष्य की विकास योजनाओं और नीति निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी। बैठक में मंडलायुक्त एस राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *