वाराणसी में बंदरों का आतंक, 6 साल के बच्चे पर हमला, CCTV में कैद हुई घटना

वाराणसी में बंदरों का आतंक, 6 साल के बच्चे पर हमला, CCTV में कैद हुई घटना

वाराणसी ( रणभेरी): शहर के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू अशोक विहार कॉलोनी में बुधवार दोपहर बंदरों के आतंक की गंभीर घटना सामने आई। यहां पतंग खरीदकर घर लौट रहे छह वर्षीय बच्चे अथर्व मौर्य पर एक बंदर ने अचानक हमला कर दिया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जानकारी के अनुसार, अथर्व मौर्य दुकान से पतंग खरीदकर घर पहुंचा था। जैसे ही वह घर का गेट खोलकर अंदर दाखिल होने लगा, तभी पीछे से दौड़ते हुए एक बंदर आया और उस पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान बच्चा जमीन पर गिर गया और बंदर उसके ऊपर चढ़ गया। बंदर ने बच्चे के कंधे, हाथ, चेहरे और पेट पर नोंचने के साथ काट लिया।डरा-सहमा बच्चा दर्द से कराहता रहा, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए हाथ-पैर मारकर खुद को बचाने की कोशिश की। किसी तरह वह उठकर बैठा और बंदर के मुंह पर मुक्के मारने लगा, जिसके बाद बंदर वहां से भाग निकला घटना के समय बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को घर के अंदर ले गए। घर में मौजूद बच्चे के दादा डॉ. जीएस मौर्य को पूरी घटना की जानकारी दी गई

वाराणसी में बंदरों का आतंक, 6 साल के बच्चे पर हमला, CCTV में कैद हुई घटना

इसके बाद परिजन बच्चे को तत्काल शिवपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे के चेहरे और शरीर पर गहरे घाव हैं, हालांकि उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। बच्चे के पिता डॉ. राजीव मौर्य राजकीय होम्योपैथिक कॉलेज, गाजीपुर में कार्यरत हैं और घटना के समय ड्यूटी पर थे।

परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू अशोक विहार कॉलोनी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से बंदरों का आतंक है। बीते एक पखवाड़े में बंदरों द्वारा छह लोगों पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके के लोगों में भारी नाराजगी है और प्रशासन से बंदरों के आतंक पर जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *