वाराणसी में बीएलओ ड्यूटी कर रहे शिक्षक की मौत, बीमारी के बावजूद काम में लगे रहने का आरोप

वाराणसी में बीएलओ ड्यूटी कर रहे शिक्षक की मौत, बीमारी के बावजूद काम में लगे रहने का आरोप

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की ड्यूटी में तैनात एक बीएलओ की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गंभीर रूप से बीमार होने के बावजूद उन्हें विभागीय कार्य से राहत नहीं मिली, जिसके चलते उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।

चौबेपुर थाना क्षेत्र के कौवापुर गांव निवासी शेख मोहम्मद असगर अली प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के पद पर तैनात थे। शिक्षक होने के साथ-साथ उन्हें बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई थी। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों में लगातार व्यस्त थे और काफी दबाव में काम कर रहे थे।

इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। जांच कराने पर उन्हें पीलिया (जॉन्डिस) होने की पुष्टि हुई। परिवार का कहना है कि असगर अली ने तबीयत बिगड़ने के बाद विभाग से छुट्टी की मांग की थी, लेकिन समय पर अवकाश न मिलने की वजह से उन्हें काम जारी रखना पड़ा। इससे उनकी हालत और गंभीर होती चली गई।

स्वास्थ्य ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य अस्पतालों में लेकर गए, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। हालांकि इलाज के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया। शिक्षक की मौत की खबर से विद्यालय के शिक्षकों, ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *