वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित महादेवपुरम कॉलोनी में शुक्रवार को एक 26 वर्षीय नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान काजल राय के रूप में हुई है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं।
पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के 10 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी परिवार के सदस्य घर से फरार बताए जा रहे हैं।

सुसाइड नोट में छलका दर्द
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुसाइड नोट में युवती ने लिखा कि उसे मायके जैसा स्नेह ससुराल में नहीं मिला। उसने खुद को अपने पिता की “प्रिंसेस” बताते हुए मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर यह कदम उठाने की बात कही है।
नोट में यह भी उल्लेख है कि बीते दिनों उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया था। लगातार अपमान और प्रताड़ना से वह बेहद आहत थी।
18 दिन पहले दर्ज कराई थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, काजल ने करीब 18 दिन पूर्व शिवपुर थाने में दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 16 नवंबर 2024 को उसकी शादी नितेश कुमार सिंह से हुई थी, जो मलदहिया स्थित बैंक ऑफ इंडिया में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत है।
शिकायत में कहा गया था कि विवाह के कुछ समय बाद तक सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में कार की मांग को लेकर विवाद शुरू हो गया। युवती ने आरोप लगाया था कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और धमकाया जाता था।

पिता का आरोप: समझौते के लिए बेटी को भेजा था ससुराल
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पिता नीरज राय का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी ससुराल में रहना नहीं चाहती थी, लेकिन रिश्ते को बचाने के लिए परिवार ने उसे समझाकर वापस भेज दिया था।
पिता का कहना है कि कार की मांग को लेकर उसकी पिटाई की जाती थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत के बाद बेटी को घर के ऊपरी मंजिल पर अलग-थलग कर दिया गया था और किसी से बातचीत नहीं करने दी जाती थी।
फोन नहीं उठा तो पहुंचा परिवार
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर से काजल का फोन नहीं लग रहा था। चिंता होने पर पिता और चाचा उसके ससुराल पहुंचे। घर अंदर से बंद मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर युवती का शव फंदे से लटका मिला।फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने मृतका के पति, सास, जेठ-जेठानी, देवर और अन्य रिश्तेदारों सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में यह भी आरोप है कि युवती को अलग-थलग कर दिया गया था और उसके साथ गंभीर दुर्व्यवहार किया जाता था।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
