वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भेड़हा गांव में गुरुवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में बेड पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक बुधवार शाम को अपनी ससुराल से लौटकर घर आया था। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर शराब में जहरीला पदार्थ मिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृत युवक की पहचान भेड़हा गांव निवासी प्रद्युम्न कुमार के रूप में हुई है। उसकी शादी भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत जरामपुर गांव में हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही प्रद्युम्न का पत्नी और ससुराल वालों से विवाद चल रहा था।
बताया गया कि चार दिन पूर्व प्रद्युम्न अपने गहने और शादी में मिली बाइक वापस लेने के लिए ससुराल गया था। वहां से वह बुधवार रात लौटकर घर पहुंचा और अपने कमरे में सो गया। गुरुवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो वह बेड पर मृत अवस्था में पड़ा मिला।
मृतक के चाचा नंदलाल ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने प्रद्युम्न के रुपये, गहने और बाइक अपने पास रख ली थी। उनका कहना है कि बुधवार रात ससुराल के लोग उसे घर के पास सड़क पर छोड़कर चले गए थे। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान उसे शराब में जहर मिलाकर पिला दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रद्युम्न मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था।
वह चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की गंभीर चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
