वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के लंका क्षेत्र में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ई-रिक्शा पर लदे बोरे से तेज बदबू आने पर स्थानीय लोगों ने उसे रोक लिया। बोरा खोलने पर उसमें हड्डियां मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा चालक समेत दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह घटना लंका-सामनेघाट रोड की है। स्थानीय निवासी सत्यम रात में सामनेघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनके साथ-साथ चल रहे एक ई-रिक्शा से दुर्गंध आ रही थी। संदेह होने पर उन्होंने ई-रिक्शा को रुकवाकर उसमें बैठे युवकों से पूछताछ की, लेकिन दोनों स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए।
इस पर सत्यम ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरे की तलाशी ली तो उसके अंदर बड़ी मात्रा में हड्डियां बरामद हुईं।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि बरामद हड्डियां किसी प्रतिबंधित पशु की हो सकती हैं और इन्हें रात के समय ले जाया जा रहा था। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने हड्डियों की जांच के लिए पशु चिकित्सकों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ये हड्डियां किस जानवर की हैं। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
