वाराणसी में गंगा पर सख्ती: बिना लाइफ जैकेट और ओवरलोड नावों पर 20 से ज्यादा FIR, 24 नावें सीज

वाराणसी में गंगा पर सख्ती: बिना लाइफ जैकेट और ओवरलोड नावों पर 20 से ज्यादा FIR, 24 नावें सीज

वाराणसी (रणभेरी): गंगा में हाल ही में नावों की टक्कर और लाइफ जैकेट न पहनने के मामले के सामने आने के बाद वाराणसी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस और जल पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को गंगा में सघन सर्च अभियान चलाकर नाव संचालन की जांच की। इस दौरान क्षमता से अधिक सवारी और बिना लाइफ जैकेट के यात्रियों को बैठाने पर कुल 8 नामजद और 12 अज्ञात नाव संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि 24 नावों को सीज कर दिया गया।

दशाश्वमेध और भेलूपुर सर्किल के थानों की पुलिस ने एसीपी गौरव कुमार और एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के नेतृत्व में अभियान चलाया। अस्सी से नमो घाट तक चलने वाली नावों के लिए रिवाइज एडवाइजरी जारी की गई है, जिसके अनुपालन की जांच के लिए यह कार्रवाई की गई।

वाराणसी में गंगा पर सख्ती: बिना लाइफ जैकेट और ओवरलोड नावों पर 20 से ज्यादा FIR, 24 नावें सीज

भेलूपुर थाने में 4 नामजद पर मुकदमा

अस्सी चौकी प्रभारी रणजीत कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर सक्का घाट (थाना आदमपुर) निवासी पवन सहानी, राज मंदिर (थाना कोतवाली) निवासी संतोष कुमार निषाद, शिवाला (थाना भेलूपुर) निवासी अतुल सहानी और नया महादेव, राजघाट (थाना आदमपुर) निवासी विकास सहानी के खिलाफ बीएनएस की धारा 282 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

इसके अलावा 12 अज्ञात नावों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। इन नावों पर क्षमता से अधिक सवारी और लाइफ जैकेट न होने की बात सामने आई है। पुलिस ने सभी को चिह्नित कर लिया है और जल्द ही नाम जोड़े जाने की बात कही है।

दशाश्वमेध थाने में 3 पर फिर

एसीपी डॉ. अतुल त्रिपाठी ने बताया कि जल पुलिस और वाराणसी पुलिस की संयुक्त एडवाइजरी के तहत सख्ती बरती जा रही है। दशाश्वमेध पुलिस ने महेश कुमार सहानी, सूरज सहानी और टिंकू सहानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच में पाया गया कि नावों पर लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं थी।

150 से अधिक नावों की जांच, यात्रियों से अपील

अभियान के दौरान 150 से अधिक नावों की जांच की गई और लाउडहेलर के माध्यम से संचालकों व यात्रियों को निर्देश दिए गए। कुल 24 नावों को सीज कर घाट पर बांध दिया गया। पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि नाव पर बैठते समय लाइफ जैकेट अवश्य पहनें और ओवरलोड नाव में यात्रा न करें।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गंगा में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *