वाराणसी (रणभेरी): कानपुर में रविवार रात वाराणसी से इंदौर जा रही काशी महाकाल एक्सप्रेस पर अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया। घटना भीमसेन रेलवे स्टेशन के पास उस समय हुई, जब ट्रेन गोविंदपुरी स्टेशन से रवाना होकर आगे बढ़ रही थी। पत्थर लगने से फर्स्ट एसी कोच की खिड़की का शीशा टूट गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही कोच अटेंडेंट ने सुरक्षा के लिहाज से टूटे कांच को हटवाया। इस दौरान यात्रियों ने घटना का वीडियो बनाकर साझा भी किया।रेलवे पुलिस (GRP) भीमसेन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
