वाराणसी (रणभेरी): Banaras Hindu University में अंतर-संकाय युवा महोत्सव ‘स्पंदन’ का आगाज 21 फरवरी से होने जा रहा है। छह दिवसीय इस सांस्कृतिक आयोजन में विश्वविद्यालय के 23 संकायों और संस्थानों के 2500 से अधिक छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव में 10 हजार से ज्यादा दर्शकों के जुटने का अनुमान है।
उद्घाटन समारोह 21 फरवरी को शाम 4 बजे एंफीथियेटर ग्राउंड स्थित ओपन एयर थियेटर पंडाल में होगा। समारोह में लोक गायिका मालिनी अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। वहीं 25 फरवरी को समापन समारोह में प्रसिद्ध गीतकार समीर अंजान बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। हालांकि, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला 26 फरवरी तक जारी रहेगी।
40 प्रतियोगिताएं, 120 निर्णायक करेंगे मूल्यांकन
महोत्सव के दौरान संगीत, नृत्य, नाटक, वाद-विवाद, ललित कला समेत 40 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रस्तुतियों के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए 120 निर्णायकों की तैनाती की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ‘स्पंदन’ का आधिकारिक वेबपेज भी लॉन्च किया है, जहां सभी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध रहेगी
नौ स्थानों पर एक साथ आयोजन
21 और 26 फरवरी को भव्य शोभायात्रा और परेड का आयोजन किया जाएगा। 21 फरवरी को दोपहर दो बजे विभिन्न संकायों की झांकियां परिसर में आकर्षण का केंद्र बनेंगी। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के नौ अलग-अलग स्थलों पर एक साथ संचालित होंगे, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहेगा।
IIT (BHU) की भागीदारी, 13 समितियां गठित
आयोजन की सुचारु व्यवस्था के लिए 13 समितियों का गठन किया गया है। इस बार IIT (BHU) के छात्र-छात्राएं भी ‘स्पंदन’ में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ेगी।
प्रतिभा और नेतृत्व को मिलेगा मंच
छात्र अधिष्ठाता प्रो. राजीव रंजन के अनुसार, ‘स्पंदन’ केवल सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि छात्रों की अकादमिक उपलब्धियों और नेतृत्व क्षमता को सामने लाने का मंच भी है। इस मंच से निकले कई प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके हैं। इनमें स्टैंडअप कॉमेडियन अभय कुमार का नाम भी शामिल है।
‘स्पंदन 2026’ के माध्यम से बीएचयू परिसर में देश की सांस्कृतिक विविधता और युवा ऊर्जा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
