वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी सहित पूरे उत्तर प्रदेश में इन दिनों कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों की चिंता बढ़ गई है। शहर के कई कारोबारियों का कहना है कि निर्धारित समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पाने के कारण उनके दैनिक संचालन में बाधा आ रही है और व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
व्यवसायियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से गैस एजेंसियों पर कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता सीमित हो गई है। कई रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि उन्हें पहले जहां आसानी से सिलेंडर मिल जाते थे, वहीं अब डिलीवरी में देरी हो रही है, जिससे रसोई संचालन और ग्राहकों की सेवा पर असर पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति श्रृंखला में आई बाधाओं के चलते कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हुई है। सूत्रों के मुताबिक कुछ स्थानों पर पेट्रोलियम कंपनियों ने अस्थायी रूप से कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति सीमित कर दी है, जिसके कारण होटल और फूड व्यवसाय से जुड़े लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि फिलहाल सरकार और तेल कंपनियां घरेलू एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दे रही हैं, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। इसी वजह से कमर्शियल सेक्टर- जैसे होटल, रेस्टोरेंट और फूड स्टॉल-को गैस सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है। कारोबारियों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था सामान्य होगी, जिससे खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को राहत मिल सकेगी।
