महाशिवरात्रि से पहले काशी में शुरू होंगी शिव विवाह की रस्में, बाबा विश्वनाथ को आज चढ़ेगी सगुन की हल्दी

महाशिवरात्रि से पहले काशी में शुरू होंगी शिव विवाह की रस्में, बाबा विश्वनाथ को आज चढ़ेगी सगुन की हल्दी

वाराणसी (रणभेरी): महाशिवरात्रि से पूर्व काशी में भगवान शिव के विवाह की पारंपरिक रस्मों की औपचारिक शुरुआत 13 फरवरी से होगी। इस शुभ अवसर पर बाबा विश्वनाथ को सगुन की हल्दी अर्पित की जाएगी। हल्दी की पारंपरिक यात्रा शीतला मंदिर के महंत पं. शिवप्रसाद पांडेय ‘लिंगिया महाराज’ के बांसफाटक स्थित आवास से टेढ़ीनीम स्थित पूर्व महंत आवास तक निकलेगी, जहां बाबा की पंचबदन चल प्रतिमा पर हल्दी चढ़ाई जाएगी।

महंत परिवार के सानिध्य में निकलेगी हल्दी यात्रा

शीतला मंदिर के उपमहंत अवशेष पांडेय ‘कल्लू महाराज’ ने बताया कि काशी की प्राचीन लोकपरंपरा के अनुसार शिव विवाह से पहले बाबा को सगुन की हल्दी चढ़ाई जाती है। इस बार महंत परिवार ने विशेष रूप से हल्दी नासिक से मंगवाई है, जो इस अनुष्ठान की खास परंपरा मानी जाती है।

ससुराल पक्ष भी लाएगा हल्दी

सारंगनाथ सामूहिक रुद्राभिषेक पीठ के अध्यक्ष राहुल सिन्हा और मंत्री टिप्पु पांडेय के अनुसार बाबा के ‘ससुराल’ सारंगनाथ मंदिर से भी ससुरालीजन हल्दी लेकर लिंगिया महाराज के आवास पहुंचेंगे। यह कार्यक्रम महंत मनीष उपाध्याय के सानिध्य में संपन्न होगा।

11 वैदिक ब्राह्मण करेंगे विशेष पूजन

शिव बारात समिति के महामंत्री दिलीप सिंह ने बताया कि समिति के सदस्य और काशीवासी बांसफाटक स्थित पूर्व महंत आवास पर एकत्र होकर शोभायात्रा के रूप में आगे बढ़ेंगे। पूर्व महंत परिवार के प्रतिनिधि पं. वाचस्पति तिवारी के अनुसार हल्दी चढ़ाने से पहले परिवार की वरिष्ठ सदस्य मोहिनी देवी की उपस्थिति में आचार्य पं. सुशील त्रिपाठी के नेतृत्व में 11 वैदिक ब्राह्मण बाबा की पंचबदन प्रतिमा का विशेष पूजन करेंगे।

इस आयोजन के साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि से पहले होने वाली शिव विवाह की पारंपरिक रस्मों का शुभारंभ हो जाएगा, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं में खास उत्साह है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *