वाराणसी में शर्मनाक वारदात: कारगिल शहीद मनीष सिंह के घर से 20 लाख की चोरी

वाराणसी में शर्मनाक वारदात: कारगिल शहीद मनीष सिंह के घर से 20 लाख की चोरी

वाराणसी (रणभेरी); कारगिल युद्ध में देश के लिए शहादत देने वाले जवान मनीष कुमार सिंह के लमही स्थित आवास को चोरों ने निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। अज्ञात बदमाश शहीद के घर से सोने-चांदी के कीमती आभूषण, नकदी और लैपटॉप समेत करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति समेट ले गए। घटना लालपुर थाना क्षेत्र की है।

लमही निवासी शहीद की पत्नी चंचला सिंह ने बताया कि वर्ष 2001 में उनके पति मनीष कुमार सिंह कारगिल युद्ध में वीरगति को प्राप्त हुए थे। वह अपनी बेटी के साथ लमही स्थित मकान में रहती हैं। बीते 22 जनवरी को वह अपने पैतृक गांव मढ़ी (जिला जौनपुर) गई थीं।

शनिवार सुबह जब वह वापस लौटीं तो मकान का मुख्य दरवाजा खुला मिला और घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। यह देख वह घबरा गईं और तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

दूसरी मंजिल से तिजोरी-अलमारी साफ

पीड़िता के अनुसार, चोरों ने पहली मंजिल से होते हुए दूसरी मंजिल के कमरों को खंगाला और तिजोरी व अलमारी में रखे करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरों में सोने का हार, चेन, ब्रेसलेट, झुमके, बालियां, अंगूठियां, लॉकेट, नाक की कील समेत कई अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा चोर आठ चांदी के सिक्के, चांदी की प्लेटें, चम्मच, चांदी की अंगूठियां व चेन भी ले गए। इतना ही नहीं, घर से 21 हजार रुपये नकद और लगभग 63 हजार रुपये कीमत का ASUS कंपनी का लैपटॉप भी चोरी हुआ है।

किचन में खाया-पिया, फिर हुए फरार

हैरानी की बात यह रही कि बदमाशों ने चोरी के दौरान पूरी इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने घर के किचन में रखा गुड़, बिस्किट और बादाम की पट्टी खाई, पानी पिया और उसके बाद घर के हर कोने की तलाशी ली। घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में सामने आया कि दो चोर रात करीब 12:43 बजे बाउंड्री फांदकर मकान में दाखिल हुए और लगभग दो घंटे सात मिनट तक घर में रुके। इसके बाद रात 2:50 बजे चोरी का सामान लेकर फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी

इंस्पेक्टर लालपुर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए गए हैं और फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *