अस्सी–दशाश्वमेध घाट पर मिलेगा फ्री वाई-फाई, लाइसेंस शुल्क से राहत

अस्सी–दशाश्वमेध घाट पर मिलेगा फ्री वाई-फाई, लाइसेंस शुल्क से राहत

नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में लिए गए अहम फैसले

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने कई अहम निर्णय लिए हैं। मंगलवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बैठक में तय हुआ कि फरवरी माह से अस्सी घाट और दशाश्वमेध घाट पर आमजन और पर्यटकों को फ्री वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत का कार्य मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगर निगम ने साइकिल रिक्शा, ट्रॉली, ठेला और हाथ ठेले वालों को बड़ी राहत देते हुए लाइसेंस शुल्क माफ करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही लाइसेंस जारी करने की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे छोटे कारोबारियों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

दाखिल-खारिज प्रक्रिया होगी तेज

दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने के लिए आवेदन के दिन ही दस्तावेजों की जांच कर फाइल नंबर जारी करने की नई व्यवस्था लागू की जाएगी।

जलभराव से निपटने की तैयारी

शहर में जलभराव की समस्या से स्थायी समाधान के लिए अस्सी नाले पर बैराज निर्माण का निर्णय लिया गया है। साथ ही मलिन बस्तियों (सेवा बस्तियों) में सीवर, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए एक माह में सर्वे कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

कुत्तों के आतंक पर नियंत्रण

आवारा कुत्तों की समस्या को देखते हुए एबीसी सेंटर का संचालन 10 दिनों के भीतर शुरू कराने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर वॉटरकूलरों की संख्या 18 से बढ़ाकर 28 की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि पद्म पुरस्कार से सम्मानित विभूतियों के नाम पर गली-मोहल्लों के नामकरण की प्रक्रिया 31 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी।

कर्मचारियों के तबादले और झूलों की जांच

अपर नगर आयुक्त सविता यादव के अनुसार, नगर निगम के 30 प्रतिशत कर्मचारियों के स्थानांतरण की सूची तैयार कर ली गई है। मार्च तक 10 स्थगन आदेश समाप्त कराने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही खराब झूलों की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

चार दिशाओं में बनेंगे मीट मार्केट जोन

शहर की चारों दिशाओं में आधुनिक मीट मार्केट जोन विकसित किए जाएंगे। इसके लिए पिसौर, चितईपुर, रामनगर-सूजाबाद क्षेत्र और सारनाथ (ऐढ़े) में स्थल चिह्नित किए गए हैं। इन जोनों में पार्किंग और कचरा निस्तारण के लिए आधुनिक व्यवस्था होगी।

महाशिवरात्रि पर विशेष तैयारी

15 फरवरी को महाशिवरात्रि और एक दिवसीय पंचक्रोशी यात्रा को देखते हुए नगर निगम ने प्लास्टिक मुक्त यात्रा मार्ग का लक्ष्य तय किया है। पंचक्रोशी मार्ग, पड़ावों और प्रमुख शिव मंदिरों की ओर जाने वाले सभी रास्तों को 12 फरवरी तक गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *