पीएम के काशी दौरे की आहट से तेज हुई तैयारियां

पीएम के काशी दौरे की आहट से तेज हुई तैयारियां

दो हजार करोड़ की सौगात की तैयारी, पीएमओ की हलचल के बाद प्रशासन सक्रिय

वाराणसी (रणभेरी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित काशी दौरे की सुगबुगाहट मिलते ही जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों में हलचल तेज हो गई है। पीएमओ की ओर से कार्यक्रम की संभावना जताते ही अफसरों ने अधूरी और पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि वर्ष 2026 में पहली बार काशी आगमन पर प्रधानमंत्री करीब दो हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं।

प्रशासन ने कमिश्नरी परिसर में प्रस्तावित मंडलीय एकीकृत कार्यालय भवन, सिग्नेचर रेल रोड ब्रिज, सोलर पार्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), नई सड़कें, फ्लाईओवर तथा ग्रामीण-शहरी कनेक्टिविटी से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिक सूची में शामिल किया है। नगर निगम का नया सदन भवन, रामनगर में वृद्धाश्रम व वर्किंग वूमेन हॉस्टल का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।

सबसे अहम परियोजना शहर का बहुप्रतीक्षित रोप-वे है, जिसका प्रथम चरण अंतिम दौर में बताया जा रहा है। इसके अलावा कज्जाकपुरा फ्लाईओवर और सारनाथ स्थित सोवा रिग्पा अस्पताल का निर्माण कार्य भी पूर्ण हो चुका है। विभागों को निर्देश दिया गया है कि जो परियोजनाएं तैयार हैं, उन्हें लोकार्पण योग्य बनाया जाए। चार महीने बाद प्रस्तावित इस दौरे को लेकर प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह अलर्ट मोड में है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *